भोपाल. 21 दिन के लॉकडाउन का आज आठवां दिन है। अब प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। मध्य प्रदेश का इंदौर कोरोना संक्रमित की सूची में देश में चौथे नंबर पर आ गया है। 6 दिन पहले यानी 24 मार्च तक यह शहर कोरोना मुक्त था। बुधवार सुबह तक यहां 70 (+उज्जैन 6, 1 खरगोन) संक्रमित पाए गए। इनमें इंदौर में 3, उज्जैन में 2 और खरगोन के 62 साल के संक्रमित की मौत हो चुकी। फिलहाल, शहर हाईअलर्ट पर है। सभी तरह के प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रशासन भी यहां और मरीज बढ़ने की आशंका जता रहा है। राहत की खबर ये है कि शुरुआत में भर्ती किए गए 20 संक्रमित तेजी से स्वस्थ्य हो रहे हैं। प्रदेश में अब तक 85 संक्रमित पाए गए हैं।
भोपाल को 7 जोन में बांट दिया गया है। एक से दूसरे जोन में जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। ग्वालियर, भिंड में 48 घंटे का टोटल लॉकडाउन मंगलवार रात से लागू कर दिया गया। इस दौरान दोनों शहरों में सिर्फ दूध की ही सप्लाई होगी। किराना और सब्जी की दुकानें भी नहीं खुलेंगी।