कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते इंदौर अब देश के 16 कोरोना हॉटस्पॉट में शामिल हो गया

कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते इंदौर अब देश के 16 कोरोना हॉटस्पॉट में शामिल हो गया। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि हो सकता है कि शहर में मरीजों का आंकड़ा 100 से 200 तक जाए, लेकिन हम मानसिक तौर पर तैयार हैं। इंदौर में 625 से ज्यादा लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। 7 दिन तक ऐसी सख्ती जारी रहेगी। संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी के मुताबिक, अभी आंकड़े और बढ़ेंगे, क्योंकि अब वे सैंपल जांच में आ रहे हैं, जो कोरोना संक्रमितों के संपर्क में थे। जिन 17 मरीजों की रिपोर्ट आई है, वे पहले ही असरावद खुर्द में क्वारैंटाइन हैं। 
भोपाल: विदेशी जमातों से संक्रमण फैलने का डर


दिल्ली में निजामुद्दीन स्थित मरकज का मामला सामने आने के बाद सरकार की चिंता और बढ़ गई है। मजहबी जलसे में मध्य प्रदेश से भी 107 लोग गए थे। इनमें पुराने भोपाल के 36 लोग भी शामिल थे। सभी 36 लोगों को दिल्ली में क्वारैंटाइन हैं। जानकारी के अनुसार, 5 से 14 मार्च के बीच मुस्लिम धर्म का प्रचार करने के लिए 63 विदेशी अलग-अलग जमातों में भोपाल आए थे। ये लोग विभिन्न मस्जिदों में रुके। 63 विदेशियों के अलावा 189 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। इनमें से 65 को हज हाउस के अलावा निजामुद्दीन कॉलोनी, ऐशबाग और बाग फरहत अफजा क्षेत्र की मस्जिदों मे क्वारैंटाइन किया गया। पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने का केस दर्ज किया है।